CG Accident: छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों में 4 लोगों की मौत, ट्रेलर ने बुजुर्ग को रौंदा; ट्रक ने बाइक सवार युवक-युवती को कुचला, BJP नेता की भी गई जान

CG Accident: छत्तीसगढ़ में बुधवार को हुए 3 अलग-अलग सड़क हादसों में 4 लोगों की मौत हो गई। कोरबा जिले में दो हादसों में 3 लोगों ने जान गंवाई, जबकि बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में एक सड़क दुर्घटना में भाजपा नेता की मौत हो गई। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है।

बाइक और स्कूटी की टक्कर के बाद ट्रक ने दो लोगों को कुचला

पहला हादसा कोरबा के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में हुआ। जानकारी के मुताबिक, बाइक और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर के बाद दोनों वाहन सवार सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने युवक और युवती को कुचल दिया।

हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं स्कूटी सवार युवती ने अधिक खून बहने के कारण दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

ट्रेलर की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत

दूसरा हादसा कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र में हुआ। सेमीपाली निवासी कृति नायडू अपने निजी काम से उरगा चौक आए थे। काम पूरा कर स्कूटी से घर लौटते समय पीछे से आ रहे ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही वे सड़क पर गिर गए और ट्रेलर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

स्थानीय लोगों ने ट्रेलर चालक को भागने से पहले पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है। उरगा पुलिस के मुताबिक, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।

पिलर से टकराई भाजपा नेता की बाइक

तीसरा हादसा बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सनावल थाना क्षेत्र में हुआ। ग्राम कुंडपान के सरपंच पति और भाजपा नेता देवधारी सिंह देर रात रामानुजगंज से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में एक मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पिलर से टकरा गई। हादसे में उनके सिर और जांघ में गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें डिंडो अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए वाड्रफनगर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *