CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के साथ मौसम का मिजाज बदलने लगा है। बारिश की गतिविधियां लगभग थम गई हैं, जिससे प्रदेशभर में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। तेज धूप के कारण गर्मी और उमस का असर भी बढ़ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। हालांकि, एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। इसके बाद प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। फिलहाल किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।
राजनांदगांव सबसे गर्म, अंबिकापुर सबसे ठंडा
बीते 24 घंटों में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया, जिससे वहां सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।
रायपुर में तेज धूप और उमस
राजधानी रायपुर में सोमवार (12 अक्टूबर) को मौसम साफ रहने की संभावना है। बादल छंटने के कारण दिनभर तेज धूप रहेगी, जिससे गर्मी और उमस का असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।


