Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी ने रायपुर लौटने के बाद उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव से मुलाकात की। नवा रायपुर स्थित शासकीय निवास कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान उप मुख्यमंत्री ने संजू देवी का सम्मान कर उन्हें शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी।
अरुण साव ने संजू देवी के साथ उनकी माता अमरीका बाई और पिता रामजी का भी अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि संजू देवी ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल भारत, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
अनुभवों को लेकर हुई चर्चा
उप मुख्यमंत्री ने संजू देवी से एशियन गेम्स के दौरान मिले अनुभवों, भारतीय टीम के प्रदर्शन और स्वर्ण पदक तक के सफर पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलने के अनुभव और वहां की चुनौतियों के बारे में भी जानकारी ली।
खिलाड़ियों को मिलेगा अनुभव का लाभ
अरुण साव ने कहा कि एशियन गेम्स जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर हासिल किया गया अनुभव केवल संजू देवी की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है। उनके अनुभव का लाभ भविष्य में छत्तीसगढ़ के अन्य खिलाड़ियों को भी मिलेगा, जिससे प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।


