CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून अब कमजोर पड़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर थम गया है। पिछले 24 घंटे में सरगुजा और बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर ही हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि बाकी जिलों में मौसम शुष्क बना रहा।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 4 से 5 दिनों तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि मंगलवार को एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों तक भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग ने फिलहाल प्रदेश के किसी भी जिले के लिए कोई मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की है। मौसम में बड़े बदलाव की संभावना फिलहाल नहीं है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रारोड सबसे ठंडा
सोमवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। रायपुर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है। वहीं उत्तर-पश्चिम और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण का असर अब कमजोर पड़ रहा है। इसी कारण प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कम हो गई हैं।



