Raipur News: रायपुर के भाटागांव बाजार में व्यवस्था को लेकर हुए विवाद के बाद नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। बाजार को व्यवस्थित करने और मुख्य मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने के बाद अब पूरे बाजार परिसर में नो-व्हीकल जोन लागू कर दिया गया है।![]()
अब विक्रेता और ग्राहक बाजार के अंदर वाहन नहीं ले जा सकेंगे। वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करना होगा। नगर निगम ने सभी दुकानदारों को तय स्थान पर ही दुकान लगाने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर बाजार विभाग की उपायुक्त डॉ. अंजलि शर्मा, नगर निवेशक आभाष मिश्रा और जोन-6 के जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। निगम की टीम ने पुलिस बल के साथ सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से बैठे विक्रेताओं को निर्धारित स्थान पर शिफ्ट कराया।
थोक विक्रेताओं के वाहनों के लिए अलग व्यवस्था
बाजार परिसर में थोक सब्जी विक्रेताओं के वाहनों के लिए अलग जगह निर्धारित की गई है। निगम का कहना है कि इससे बाजार में बेतरतीब पार्किंग और मुख्य सड़क पर लगने वाले जाम की समस्या कम होगी। ग्राहकों से भी अपील की गई है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें।
दुकान आगे बढ़ाने वालों पर होगी कार्रवाई
नगर निगम की टाउन प्लानिंग टीम ने मुख्य मार्ग पर दुकानों को आगे बढ़ाकर बनाई गई अवैध संरचनाओं को हटाया। निगम ने साफ किया है कि सार्वजनिक सड़क और तय सीमा पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
तय जगह छोड़ने पर रद्द हो सकता है आवंटन
बाजार में हर व्यापारी और विक्रेता के लिए स्थान तय किया गया है। सभी को अपने निर्धारित स्थल पर ही कारोबार करना होगा। यदि कोई विक्रेता तय जगह छोड़कर दूसरे स्थान पर बैठता है या बाजार की व्यवस्था प्रभावित करता है तो उसका आवंटन निरस्त किया जा सकता है।
सरकारी काम में बाधा डालने पर कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान शासकीय कर्मचारियों से अभद्रता और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में एक व्यक्ति को पुलिस के सुपुर्द किया गया। नगर निगम ने कहा है कि अतिक्रमण करने, अव्यवस्था फैलाने या कार्रवाई में बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


