D.El.Ed Exam 2026: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने डीएलएड (डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन) पूरक/अवसर परीक्षा 2026 का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। जारी टाइम टेबल के अनुसार प्रथम वर्ष की परीक्षाएं 16 नवंबर से 2 दिसंबर तक और द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं 17 नवंबर से 30 नवंबर तक आयोजित की जाएंगी। सभी परीक्षाएं सुबह 9:15 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होंगी।![]()
पहले वर्ष की परीक्षा
डीएलएड प्रथम वर्ष की पूरक परीक्षा 16 नवंबर से शुरू होकर 2 दिसंबर तक चलेगी। इस दौरान कुल 8 विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम माध्यमिक शिक्षा मंडल की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
दूसरे वर्ष की परीक्षा
द्वितीय वर्ष की पूरक परीक्षा 17 नवंबर से शुरू होगी और 30 नवंबर तक चलेगी। दूसरे वर्ष के विद्यार्थियों के लिए कुल 6 परीक्षा दिवस निर्धारित किए गए हैं।
मंडल ने परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से पहले सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए हैं। सुबह 9:05 बजे उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया जाएगा, 9:10 बजे प्रश्न पत्र दिए जाएंगे और उत्तर लिखने का समय सुबह 9:15 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक रहेगा।
मंडल ने जारी निर्देशों में कहा है कि यदि परीक्षा अवधि के दौरान किसी दिन सार्वजनिक या स्थानीय अवकाश घोषित होता है, तब भी परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर मंडल परीक्षा की तिथि या समय में बदलाव करने का अधिकार सुरक्षित रखता है।


