CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भारी बारिश के बीच उफनते दादर नाले को पार करने की कोशिश 2 युवकों पर भारी पड़ गई। तेज बहाव में उनकी स्कॉर्पियो बहने लगी और आधी पानी में डूब गई। स्थानीय लोगों की सतर्कता से दोनों युवकों की जान बच गई। पुलिस जांच में दोनों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद वाहन जब्त कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।![]()
स्थानीय लोगों की चेतावनी को किया नजरअंदाज
घटना शनिवार शाम की है। लगातार बारिश के कारण दादर नाले का जलस्तर बढ़ गया था और पानी तेज बहाव के साथ बह रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने स्कॉर्पियो सवार युवकों को नाला पार नहीं करने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने चेतावनी को नजरअंदाज कर वाहन आगे बढ़ा दिया।
बीच नाले में बहने लगी स्कॉर्पियो
जैसे ही स्कॉर्पियो नाले के बीच पहुंची, तेज बहाव के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह बहने लगा। कुछ ही पलों में स्कॉर्पियो आधी पानी में डूब गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
युवा कांग्रेस नेता भी था सवार
वाहन में युवा कांग्रेस नेता अंकित श्रीवास्तव और चंद्र कुमार कश्यप सवार थे। अंकित श्रीवास्तव युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव पद के प्रत्याशी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों का अल्कोहल मीटर से परीक्षण कराया। जांच में दोनों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।
कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि बहते पानी में वाहन उतारने और शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 283 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 और 185 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया है।



