CG Murder: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। शराब पीकर घर लौटने पर डांट लगाने से नाराज एक युवक ने अपनी ही मौसी की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना पुरैना गांव की है।
शराब पीकर घर पहुंचा था आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी तीरथराम यादव (45) रविवार रात शराब के नशे में घर लौटा था। घर पर उसकी 55 वर्षीय मौसी मोहन कुंवर बाई मौजूद थीं। उन्होंने युवक को रोज शराब पीने, देर रात घर आने और बेवजह घूमने को लेकर फटकार लगाई।
लाठी-डंडे से पीट-पीटकर ली जान
मौसी की बात से नाराज तीरथराम यादव ने गुस्से में घर में रखी आग जलाने वाली लकड़ी और डंडा उठाकर उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर कई वार लगने से महिला गंभीर रूप से घायल होकर घर में ही गिर पड़ी। घटना के दौरान परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
परिजन घायल महिला को तत्काल सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि परिजन उन्हें बड़े अस्पताल नहीं ले गए और वापस घर ले आए। कुछ देर बाद महिला ने दम तोड़ दिया।
आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलने पर बांकी मोंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और आरोपी तीरथराम यादव को हिरासत में ले लिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


