RTE Admission 2026: दुर्ग: शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत सत्र 2026-27 के लिए तीसरे और अंतिम चरण की लॉटरी गुरुवार को स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की मौजूदगी में निकाली गई। इस चरण में 156 बच्चों को निजी स्कूलों में सीट आवंटित की गई। हालांकि इसके बाद भी जिले में 384 सीटें रिक्त रह गई हैं।![]()
खालसा पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री गजेंद्र यादव ने बटन दबाकर ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर, आरटीई कक्ष प्रभारी राजदीप और विपिन भी मौजूद रहे।
तीसरे चरण की लॉटरी में कुल 840 आवेदक शामिल हुए। इनमें 156 नए आवेदन थे, जबकि 684 आवेदक पहले से प्रतीक्षा सूची में थे। चयनित बच्चों को 17 अगस्त से 27 अगस्त तक संबंधित स्कूलों में प्रवेश लेना होगा।
जिले में आरटीई के तहत इस वर्ष निजी स्कूलों में कुल 1581 सीटें निर्धारित की गई थीं। पहले चरण की लॉटरी में 1059 बच्चों को स्कूल आवंटित हुए थे, लेकिन केवल 946 बच्चों ने प्रवेश लिया। इसके बाद रिक्त सीटों और ड्रॉपआउट के कारण दूसरे चरण में 635 सीटों पर लॉटरी निकाली गई, जिसमें 150 बच्चों को स्कूल आवंटित हुआ। दूसरे चरण के बाद भी 540 सीटें खाली रह गई थीं।
तीसरे चरण में 156 सीटों का आवंटन होने के बाद अब भी 384 सीटें रिक्त हैं। अधिकारियों के अनुसार, तमाम प्रयासों के बावजूद मौजूदा शैक्षणिक सत्र में इन सभी सीटों का भर पाना मुश्किल माना जा रहा है।


