Raipur College: उच्च शिक्षा विभाग ने रायपुर जिले में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से दो नए सरकारी कॉलेज शुरू किए हैं। इनमें अभनपुर के बेन्द्री में शासकीय महाविद्यालय और नवा रायपुर अटल नगर में शासकीय संगीत महाविद्यालय शामिल हैं। दोनों संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है।
BA, BSc और B.Com की पढ़ाई शुरू
नए शासकीय महाविद्यालय बेन्द्री में इस सत्र से बीए, बीएससी (बायोलॉजी), बीएससी (मैथ्स) और बीकॉम प्रथम वर्ष की कक्षाएं संचालित होंगी। बीए और बीकॉम में 90-90 सीटें निर्धारित की गई हैं, जबकि बीएससी (बायोलॉजी) और बीएससी (मैथ्स) में 45-45 सीटें उपलब्ध रहेंगी।
ऑनलाइन होगा प्रवेश
बेन्द्री शासकीय महाविद्यालय में प्रवेश पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। इच्छुक छात्र-छात्राओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की गई है।
नवा रायपुर में संगीत महाविद्यालय खुला
नवा रायपुर अटल नगर में नए शासकीय संगीत महाविद्यालय की भी शुरुआत की गई है। यहां बैचलर ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स के चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश दिया जाएगा।
संगीत महाविद्यालय में शास्त्रीय गायन (हिंदुस्तानी), कथक नृत्य और लोक संगीत की शिक्षा दी जाएगी। इस पाठ्यक्रम के लिए कुल 40 सीटें निर्धारित की गई हैं।
ऑफलाइन करना होगा आवेदन
संगीत महाविद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन रखी गई है। आवेदन पत्र शासकीय नागार्जुन स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय रायपुर से प्राप्त किए जा सकते हैं। विभाग ने इच्छुक विद्यार्थियों से समय पर आवेदन करने की अपील की है।
