Raipur Video: राजधानी रायपुर में चलती ट्रेन से एक युवक को लात मारकर नीचे गिराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। युवक पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाया गया था। मामले में कानून अपने हाथ में लेने वाले यात्री आर. सुरेश कुमार को रेलवे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।![]()
जानकारी के अनुसार, घटना 14 जुलाई की है। उरकुरा और मांढ़र रेलवे स्टेशन के बीच आजाद हिंद एक्सप्रेस में एक युवक पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाया गया। इसी दौरान ट्रेन में मौजूद यात्री आर. सुरेश कुमार ने कथित तौर पर युवक को लात मार दी, जिससे वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया।
वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी गिरफ्तार
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला रेलवे पुलिस के संज्ञान में आया। वीडियो के आधार पर जांच करते हुए जीआरपी ने आरोपी यात्री आर. सुरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
घायल युवक की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, ट्रेन से गिरने वाला युवक घायल हो गया था, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक वास्तव में मोबाइल चोरी की घटना में शामिल था या नहीं।
रेलवे पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने का अधिकार केवल कानून और पुलिस को है। किसी व्यक्ति को स्वयं सजा देना कानूनन अपराध है। आरोपी यात्री के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2) और 117(3) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




