CG News: दुर्ग जिले दुर्ग से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पंचशील नगर स्थित शासकीय चंद्रशेखर आजाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कथित तौर पर प्रतिबंधित दवा खाने से 8 स्कूली बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। कुछ बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि कुछ उपचार के बाद घर लौट चुके हैं। एक छात्र नैतिक रामटेके की हालत गंभीर होने पर उसे ICU में भर्ती किया गया है।![]()
जानकारी के अनुसार, स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं के एक छात्र ने अपने साथ पढ़ने वाले बच्चों को चॉकलेट बताकर प्रतिबंधित दवा खिला दी। दवा खाने के कुछ देर बाद बच्चों को चक्कर आने, बेहोशी और शरीर में अकड़न जैसी शिकायतें होने लगीं। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
इन बच्चों की बिगड़ी तबीयत
दवा खाने वाले बच्चों में तनेश्वर यादव, हर्ष सिन्हा, भूपेंद्र साहू, विवेक कुम्भकार, नैतिक रामटेके, तुषार ढिमर, लकेश ढिमर और फनिश निषाद शामिल हैं। सभी बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल 4 बच्चों का इलाज अस्पताल में जारी है, जबकि चार बच्चों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
जांच जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रतिबंधित दवा स्कूल तक कैसे पहुंची और छात्र के पास यह दवा कहां से आई। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




