CG Murder: बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के नवागांव (गिरजाबंद) में शराब के नशे में धुत बेटे ने अपने ही बुजुर्ग पिता की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पिता ने बेटे के शराब पीकर घर आने पर आपत्ति जताई थी। इसी बात से नाराज होकर बेटे ने हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।![]()
शराब के नशे में घर पहुंचा
पुलिस के मुताबिक, गिरजाबंद निवासी रिखी राम सूर्यवंशी (65) पिछले छह महीने से लकवाग्रस्त होने के कारण बिस्तर पर थे। गुरुवार 16 जुलाई की रात करीब 11 बजे उनका बेटा शिवचरण सूर्यवंशी (38) शराब के नशे में घर पहुंचा। पिता ने रोज शराब पीकर घर आने पर नाराजगी जताई, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया।
डंडे से पीट-पीटकर पिता को मार डाला
विवाद के दौरान गुस्साए शिवचरण ने डंडे से अपने पिता पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से रिखी राम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी शिवचरण सूर्यवंशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है। आरोपी लंबे समय से शराब का आदी था। उसकी इस आदत से परेशान होकर उसकी पत्नी करीब 10 साल पहले ही उसे छोड़कर चली गई थी। परिजनों ने बताया कि शिवचरण कोई काम नहीं करता था। पिता के लकवाग्रस्त होने के बाद परिवार का खर्च उसकी मां खेती-किसानी करके चला रही थी।

