Rajnandgaon News: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। यह हादसा बोरतालाव थाना क्षेत्र के आश्रित ग्राम गांधीनगर में हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।![]()
नहाने के दौरान हादसा
जानकारी के अनुसार गांधीनगर निवासी सार्थक कोकोटे, कृष मण्डावी (8) और दानेश मण्डावी (6) बुधवार शाम घर के पास खेल रहे थे। इसी दौरान तीनों बच्चे बारिश के पानी से भरे करीब 6 फीट गहरे गड्ढे में नहाने के लिए उतर गए। गहराई का अंदाजा नहीं लगने से तीनों डूब गए। ग्रामीणों ने बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
रेलवे निर्माण के बाद बना था गड्ढा
ग्रामीणों के मुताबिक मुंबई-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर पानियाजोब और बोरतालाव रेलवे स्टेशन के बीच नया रेल ट्रैक और सुरंग निर्माण का काम चल रहा है। निर्माण के दौरान ठेकेदार ने मिट्टी निकालने के बाद गहरा गड्ढा खुला छोड़ दिया था। बारिश के बाद उसमें पानी भर गया, जिससे वह सामान्य तालाब जैसा दिखाई देने लगा।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद ग्रामीणों ने निर्माण एजेंसी की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि खुदाई वाले स्थान पर न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। यदि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए होते तो इस हादसे को रोका जा सकता था।
ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षकों की हड़ताल के कारण बच्चों के स्कूल आने-जाने की नियमित व्यवस्था प्रभावित थी। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हादसे का हड़ताल से सीधा संबंध है या नहीं, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। यदि जांच में निर्माण एजेंसी की लापरवाही या सुरक्षा नियमों की अनदेखी सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




