Raigarh Video: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला मुख्यालय स्थित केलो नदी मरीन ड्राइव पर एक युवती के साथ मारपीट और बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक युवती बालिग है, जबकि दो नाबालिग हैं। घटना 1 जुलाई की बताई जा रही है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद मामला सामने आया।
जानकारी के अनुसार, तीन युवतियों ने एक युवती को रोककर उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान पीड़िता के कपड़े उतारकर उसके साथ बदसलूकी और गाली-गलौज भी की गई। घटना का वीडियो आरोपियों ने खुद अपने मोबाइल से बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू की और घटनास्थल पहुंचकर आरोपियों की पहचान की। जांच के बाद मुख्य आरोपी नूरी खान सहित तीन युवतियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें दो नाबालिग शामिल हैं।
रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि पीड़िता अपनी दो सहेलियों के साथ मरीन ड्राइव से गुजर रही थी। इसी दौरान नूरी खान अपनी दो अन्य साथियों के साथ सेल्फी ले रही थी। आरोपियों को लगा कि पीड़िता उन्हें देखकर हंस रही है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो मारपीट में बदल गया।
पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो सामने आने के बाद मुख्य आरोपी नूरी खान और दो नाबालिगों को मारपीट सहित संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।



