छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रेलवे की कमर्शियल इंस्पेक्टर सुसाइड केस में पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है.जाँच में पाया गया कि महिला के पति ओब्रे हेल (40) के दूसरी महिला से अवैध संबंध और मारपीट से परेशान महिला अफसर विनीता साहनी (37) ने फांसी लगाकर जान दे दी थी.विनिता साहनी नेशनल बास्केट बॉल प्लेयर और रेलवे की कमर्शियल इंस्पेक्टर थी.
ओब्रे के साथ उन्होंने लव मैरिज की थी.और रेलवे के एनई कॉलोनी में रहते थे. दरअसल 6 अप्रैल 2024 को विनीता की लाश संदिग्ध हालत में फांसी के फंदे से लटकी हुई मिली, इस घटना के बाद से ही परिजनों ने उसकी मौत पर सवाल उठाए थे. वीनिता की बड़ी बहन रिंकी ने बताया था कि विनीता बेहद स्ट्रॉन्ग थी, सुसाइड नहीं कर सकती. उन्होंने कहा कि घटना के एक दिन पहले वीडियो कॉलिंग से उनकी बात भी हुई थी, तब वो एकदम खुश थी. दूसरे दिन ऐसा क्या हो गया, जिसके कारण उसे सुसाइड करना पड़ा. रिंकी का कहना है कि विनीता ने सुसाइड नहीं किया है. वो घरेलू हिंसा की शिकार हुई. मारपीट कर गला दबाकर उसकी हत्या की गई, फिर फंदे पर लटका दिया. परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से करते हुए न्याय की मांग की थी.

विनीता के पिता और परिजनों ने पुलिस को बताया था कि ओब्रे हेल ने पैसों की लालच में उसे प्रेमजाल में फंसाया था. जिसके बाद उससे शादी कर ली. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पति का दूसरी महिलाओं से संबंध होने की बात को लेकर विनीता से अक्सर विवाद होता रहता था.ओब्रे उसके साथ मारपीट भी करता था. ओब्रे बेरोजगार था. विनीता के कहने पर परिजनों ने उसे जिम खोलकर दिया. नुकसान होने पर दूसरे व्यवसाय के लिए भी पैसे दिए. लेकिन उसे भी उसने अय्याशी में खर्च कर दिया. इन आरोपों के बाद भी पुलिस एक साल तक इस गंभीर मामले को दबाए बैठी रही.

इधर, पुलिस ने जब विनीता साहनी के मोबाइल की जांच कराई तो उसमें ओब्रे हेल द्वारा विनीता से मारपीट के सबूत मिले. सिटी कोतवाली पुलिस के अनुसार मोबाइल में मिले सबूत के आधार पर ओब्रे हेल के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है.

