पाकिस्तान के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सोशल मीडिया में विवादित पोस्ट करने वाली युवती को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार लिया है. दरअसल ऑपरेशन सिन्दूर के बाद सोशल मीडिया में लूजिना खान ने पाकिस्तान स्थित आतंकवादी ठिकानों पर हमले को लेकर लिखा था कि वाह-वाही के लिए मासूम बच्चों का कत्ल किया गया। उन्हें वह हीरो नहीं मानती. देखते ही देखते यह पोस्ट वायरल हो गया.जिसके बाद बजरंग दल और अन्य हिन्दू संगठन ने युवती को देशद्रोही बताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की.
मामले को विवादित होता देख युवती ने सोशल मीडिया में वह पोस्ट डिलीट कर माफ़ी भी मांगी थी.उसने अपने विवादित पोस्ट में लिखा था कि कि पहलगाम अटैक बहुत निंदनीय था पर आपके घर पे वो घुसे कैसे? चूक आपसे हुई? आतंकवादी घुसे टूरिस्ट को मारा, आपके पास उनके स्केच आए आप उनका ठिकाना पता करे फिर उसी जगह अटैक करे
आपने तो रैंडम जगह अटैक कर बूढ़ों को, बच्चों को, उनके मां बाप को मारा, जिनका कोई हाथ नहीं था पहलगाम अटैक में. ये कौन सा बदला हुआ? बदला पूरा नहीं हुआ है क्योंकि जिन पर अटैक हुआ वो कसूरवार नहीं है, बस अपनी टेम्परी वाह-वाही के लिए मासूम बच्चों का कत्ल करने वालों को हम हीरो नहीं मानते. हम अपने फायदे के लिए की गई गंदी सियासत के साथ नहीं है. यह कोई इंसाफ नहीं है.एक अन्य विवादित पोस्ट में लिखा कि उन्होंने बच्चों को तो नहीं मारा था. मुझे इस पोस्ट में हेट मिलेगी, लेकिन इंसानियत हो तो सोचना. बच्चों को नहीं मारना चाहिए था.
इस विवादित पोस्ट को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने युवती के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.उन्होंने कहा कि युवती के सोशल मीडिया अकाउंट की भी जांच की जानी चाहिए. वहीँ विवाद को बढ़ता हुआ देख कर युवती ने लिखा कि, भारतीय सेना की बहादुरी में मुझे गर्व है। मेरे से बेख़याली और धोखे से एक पोस्ट हो गया था जिसको दुबारा पढ़ने पर मुझे भी अपनी गलती का एहसास हुआ. मैंने अपनी वह पोस्ट तत्काल रूप से हटा दी थी. मेरी उस पोस्ट से लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची हो तो मैं दिल से क्षमा चाहती हूं. मुझे अपने भारतीय होने पर गर्व है और भारतीय सेना पर गर्व है.
