CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है। पिछले 24 घंटों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के बाद अब मानसूनी गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। अब तक राज्य में सामान्य से 29% कम बारिश दर्ज की गई है।![]()
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। रायपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मंगलवार को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। बिलासपुर में सबसे अधिक 35.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून द्रोणिका जम्मू, देहरादून, बाराबंकी, पटना, बंकुरा और कनिंग होते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। वहीं उत्तर बंगाल की खाड़ी और दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों में उत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।
भारी बारिश की भी संभावना
मौसम विभाग ने बताया है कि बुधवार को प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और भारी बारिश की भी संभावना है। बारिश का मुख्य असर उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में देखने को मिल सकता है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर शामिल हैं। इन जिलों में तेज हवा, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में यलो अलर्ट जारी
वहीं यलो अलर्ट सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ बारिश होने की संभावना है।



