Balod Murder: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के नेवारीकला गांव में एक महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। महिला का शव उसके ही घर में खून से लथपथ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस, फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका की सौतन को गिरफ्तार कर लिया है।![]()
घर में मिली खून से लथपथ लाश
मामला बालोद थाना क्षेत्र के नेवारीकला गांव का है। पुलिस के अनुसार, चिम्मन लाल साहू अपनी पहली पत्नी अमृत बाई साहू के साथ एक कमरे में सो रहा था, जबकि उसकी दूसरी पत्नी दया बाई दूसरे कमरे में सो रही थी। देर रात करीब 3 बजे जब चिम्मन लाल की नींद खुली तो उसने देखा कि अमृत बाई कमरे में नहीं थी। इसके बाद दूसरे कमरे में जाकर देखा तो दया बाई खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी थी।
पति ने किया शिकायत
घटना की जानकारी मिलने पर चिम्मन लाल ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल की जांच के लिए फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम की भी मदद ली गई।
आपसी विवाद में मर्डर
प्रारंभिक जांच में पुलिस को दोनों पत्नियों के बीच लंबे समय से आपसी विवाद होने की जानकारी मिली है। इसी आधार पर पुलिस ने पहली पत्नी अमृत बाई साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।



