CG CM Helpline: छत्तीसगढ़ में आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए मंगलवार से सीएम हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज महानदी भवन स्थित मंत्रालय में कैबिनेट बैठक के बाद इस सेवा का शुभारंभ करेंगे। शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री हेल्पलाइन कॉल सेंटर का भी अवलोकन करेंगे।![]()
CM हेल्पलाइन (CM Helpline 1076) शुरू होने से प्रदेश के नागरिकों को अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे मुख्यमंत्री सचिवालय तक पहुंचाने का आसान माध्यम मिलेगा। इस प्लेटफॉर्म के जरिए आम जनता विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकेगी।
इन शिकायतों का होगा निराकरण (Chhattisgarh CM Helpline 1076)
हेल्पलाइन के माध्यम से सफाई व्यवस्था में लापरवाही, पेंशन संबंधी समस्याएं, पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने, सरकारी कर्मचारियों द्वारा रिश्वत मांगने, बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार समेत विभिन्न प्रकार की शिकायतें दर्ज कराई जा सकेंगी। शिकायतकर्ता अपनी शिकायत की स्थिति भी आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन देख सकेंगे।
व्हाट्सएप के जरिए भी दर्ज होगी शिकायत
राज्य सरकार ने यह व्यवस्था सुनिश्चित की है कि कोई भी नागरिक शिकायत दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1076 पर कॉल करने के अलावा वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप और व्हाट्सएप चैटबॉट के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी।
सरकार का उद्देश्य केवल शिकायतों का औपचारिक निपटारा करना नहीं है, बल्कि तय समयसीमा के भीतर उनका गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। इससे आम नागरिकों को शासन की सेवाओं का लाभ अधिक पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से मिल सकेगा।



