CG Police Attack: NDPS एक्ट के एक मामले में वांछित आरोपियों की तलाश में उत्तर प्रदेश पहुंची छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। सिविल ड्रेस में पहुंचे पुलिसकर्मियों को ग्रामीणों ने चोर समझ लिया और उनके साथ जमकर मारपीट की। घटना में एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य पुलिसकर्मी किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। स्थानीय पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र स्थित ईचौली गांव की है।![]()
वांटेड आरोपियों की तलाश में पहुंची थी टीम
जानकारी के अनुसार देवनगर थाना क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में तीन वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इनमें आकाश, शिवम केशरवानी और उसका एक अन्य साथी शामिल थे। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम कौशांबी जिले के ईचौली गांव पहुंची थी।
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने पहले आरोपी आकाश को हिरासत में ले लिया था। इसके बाद टीम दूसरे आरोपी शिवम केशरवानी के घर पहुंची। पुलिस जैसे ही उसे पकड़ने लगी, उसने खुद को बचाने के लिए जोर-जोर से “चोर-चोर” चिल्लाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को चोर समझकर पीटा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ग्रामीणों ने बिना पूरी जानकारी लिए पुलिसकर्मियों को चोर समझ लिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेर लिया। इसके बाद धक्का-मुक्की शुरू हुई और कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार टीम में आरक्षक जगदेव प्रसाद वर्मा, प्रधान आरक्षक युसूफ खान, आरक्षक अजय चौधरी, आरक्षक संदीप सिंह और आरक्षित सत्येंद्र प्रधान शामिल थे। आरोप है कि शिवम केशरवानी, उसके भाई, रिश्तेदारों और समर्थकों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और आरोपियों को ले जाने से रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस दल को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
आरक्षक गंभीर रूप से घायल
हमले में आरक्षक जगदेव प्रसाद वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
वहीं अन्य पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मौके से निकलकर स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
3 हिरासत में
पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है। घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


