IAS BKS Ray Death: छत्तीसगढ़ कैडर के 1972 बैच के पूर्व आईएएस अधिकारी बी.के.एस. रे का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से प्रशासनिक और साहित्यिक जगत में शोक की लहर है। वे प्रशासनिक सेवा में अपनी दक्षता के लिए जाने जाते थे, वहीं सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने साहित्य के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई।![]()
बी.के.एस. रे का जन्म 1 जून 1949 को हुआ था। अपने लंबे प्रशासनिक करियर के दौरान उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए कई जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। वर्ष 2009 में सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने पूरी तरह साहित्य सृजन को समर्पित कर दिया।
50 से ज्यादा पुस्तकें लिखें
सेवानिवृत्ति के बाद बी.के.एस. रे ने साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने 50 से अधिक पुस्तकों की रचना की, जिनमें उपन्यास, कविता संग्रह, नाटक और समसामयिक विषयों पर आधारित पुस्तकें शामिल हैं। उनकी रचनाओं में सामाजिक सरोकार, प्रशासनिक अनुभव और भ्रष्टाचार जैसे विषय प्रमुखता से दिखाई देते थे।
उनकी चर्चित पुस्तकों में The Boy from Bhubaneswar, The Blind Horizon, The Turmoil और कविता संग्रह Something Goes Beyond Me शामिल हैं।
ग्रीस में मिला था अंतरराष्ट्रीय सम्मान
साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए वर्ष 2019 में उन्हें सुकरात अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। यह सम्मान उन्हें ग्रीस में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रदान किया गया था। उनके निधन पर प्रशासनिक अधिकारियों, साहित्यकारों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।

