CBSE Cyber Attack: CBSE के री-इवैल्युएशन पोर्टल पर सोमवार को बड़ा साइबर अटैक करने की कोशिश की गई। बोर्ड ने बताया कि 2 जून को जैसे ही कक्षा 12वीं के पुनर्मूल्यांकन (Revaluation) के लिए पोर्टल खोला गया, साइबर हमलावरों ने सिस्टम को निशाना बनाया। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के कारण पोर्टल सामान्य रूप से कार्य करता रहा और छात्रों को आवेदन करने में कोई परेशानी नहीं हुई।![]()
CBSE के अनुसार, पोर्टल शुरू होने के बाद महज 2 मिनट के भीतर लगभग 15 लाख हिट्स भेजी गईं। इसके साथ ही करीब एक लाख बार सिस्टम में सेंधमारी की कोशिश की गई। बोर्ड ने दावा किया कि उसकी साइबर सुरक्षा प्रणाली पहले से ऐसे हमलों से निपटने के लिए तैयार थी, जिसके चलते सभी प्रयास विफल कर दिए गए।
16 हजार से ज्यादा छात्रों ने किया आवेदन
बोर्ड की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक 2 जून दोपहर 3 बजे तक 16 हजार से अधिक छात्रों ने सफलतापूर्वक री-इवैल्युएशन के लिए आवेदन किया। वहीं पोर्टल पर एक समय में 8 हजार से ज्यादा यूजर्स सक्रिय रहे। छात्र 6 जून तक पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
शिक्षा मंत्रालय ने शुरू की उच्च स्तरीय जांच
ऑन स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम में कथित गड़बड़ियों और पुनर्मूल्यांकन पोर्टल से जुड़ी शिकायतों के बाद शिक्षा मंत्रालय ने मामले की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उत्तर पुस्तिकाओं के डाटा को लेकर बढ़ी चिंता
हाल ही में सीबीएसई ने स्वीकार किया था कि 12वीं बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं से जुड़ा कुछ डाटा सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध होने के दावे सही पाए गए हैं। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठने लगे थे।
निविदा प्रक्रिया और दस्तावेजों की होगी जांच
शिक्षा मंत्रालय ने ऑन स्क्रीन मार्किंग प्रणाली से जुड़ी कंपनी को दिए गए ठेके की पूरी रिपोर्ट तलब की है। साथ ही निविदा प्रक्रिया, तकनीकी पात्रता और अन्य दस्तावेजों की भी जांच के आदेश दिए गए हैं। मंत्रालय यह भी जांच कर रहा है कि खरीद प्रक्रिया और वित्तीय नियमों का पालन सही तरीके से किया गया था या नहीं।
प्रभावित छात्रों को राहत देने पर विचार
सूत्रों के अनुसार मंत्रालय पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया को तेज करने और काउंसलिंग की समय-सीमा बढ़ाने जैसे विकल्पों पर विचार कर रहा है, ताकि प्रभावित छात्रों को जल्द राहत मिल सके।
आज CBSE अधिकारियों से होगी पूछताछ
शिक्षा मंत्रालय से जुड़ी संसदीय समिति मंगलवार को सीबीएसई और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से मूल्यांकन प्रणाली में सामने आई गड़बड़ियों पर जवाब मांगेगी। बैठक में ऑन स्क्रीन मार्किंग प्रणाली, छात्रों के हितों की सुरक्षा और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपायों पर चर्चा की जाएगी।


