CG Bank Fire: रायगढ़ जिले के लोईंग स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक शाखा में रविवार रात भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे बैंक परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।![]()
जानकारी के अनुसार बैंक एक किराए के भवन में संचालित हो रहा था। घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। रविवार रात करीब 9:30 बजे बैंक परिसर से धुआं निकलता दिखाई दिया। भवन के ऊपरी हिस्से में मकान मालिक मनोज प्रधान का परिवार और अन्य किरायेदार रहते हैं। धुआं उठता देख लोगों ने तत्काल बैंक प्रबंधन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बैंक प्रबंधक कुणाल कुमार ने पुलिस और दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची टीम ने आग बुझाने का कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक बैंक के अधिकांश हिस्से को नुकसान पहुंच चुका था।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। बैंक प्रबंधन के अनुसार आग में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर सिस्टम और अन्य रिकॉर्ड जलकर नष्ट हो गए हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग तिजोरी तक पहुंची या नहीं तथा उसमें रखी नकदी और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री सुरक्षित है या नहीं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। भवन में रहने वाले सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।


