West Bengal Election Result 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बड़ा बढ़त बनाते हुए बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। सुबह 10 बजे तक के रुझानों में बीजेपी 149 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि 293 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 148 सीटों की जरूरत होती है। वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) 92 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
प्रदेश में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान हुआ था, जबकि दक्षिण 24 परगना जिले की कुछ सीटों पर गड़बड़ी की शिकायत के बाद 2 मई को 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराया गया था। फिलहाल 293 सीटों की मतगणना जारी है, जबकि फालता सीट पर चुनाव बाद में होगा। चुनाव आयोग ने वहां अनियमितताओं और ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोपों के चलते मतदान रद्द कर दिया था।
भवानीपुर और नंदीग्राम सीट पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। भवानीपुर में ममता बनर्जी और बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। रुझानों में दोनों नेता कभी आगे तो कभी पीछे होते नजर आ रहे हैं। वहीं नंदीग्राम सीट पर भी शुभेंदु अधिकारी बढ़त बनाए हुए हैं।
इस बीच बिधाननगर काउंटिंग सेंटर के बाहर TMC और BJP समर्थकों के बीच झड़प की खबर भी सामने आई है, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया है कि उनकी पार्टी भवानीपुर सीट जीतने जा रही है। उन्होंने कहा कि कुछ राउंड के बाद बढ़त और मजबूत होगी और इस बार प्रदेश में सत्ता परिवर्तन तय है।
Election Result 2026: 5 राज्यों की 7 सीटों पर मतगणना जारी, कई जगह कांटे की टक्कर



