Korba Marpit: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शराब दुकान के बाहर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। भीड़ में हाथ टकराने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें लात-घूंसे और डंडों से हमला किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के निहारिका इलाके का है। घटना 11 अप्रैल 2026 की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच हुई। जानकारी के मुताबिक, निहारिका स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के सामने कुछ युवक शराब लेने पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़ में हाथ टकराने को लेकर बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
बताया जा रहा है कि एक युवक ने शराब दुकान पर तैनात सुरक्षाकर्मी के डंडे से अन्य लोगों पर हमला कर दिया। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे पकड़कर लात-घूंसे से बुरी तरह पीटा। काफी देर तक मौके पर हंगामा चलता रहा, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बाद में जब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तब पुलिस ने 14 अप्रैल को जांच करते हुए तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में शिवम सिंह (25) निवासी नगर निगम कॉलोनी, मयूर टांक (25) निवासी सीएसईबी कॉलोनी और सोमेश दीवान (27) निवासी ओ.ई./57, जूनियर क्लब सीएसईबी कॉलोनी रामपुर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस और गवाहों के साथ अभद्र व्यवहार किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170, 126 और 135-3 के तहत कार्रवाई की गई है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए न्यायालय में इस्तगासा पेश किया गया। कोर्ट में पेशी के बाद जमानत नहीं मिलने पर तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
कोरबा पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधों पर नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो और अफवाहों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।

