Bilaspur Suicide: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में लॉ सेकेंड ईयर की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान दृष्टि गुप्ता (20) के रूप में हुई है, जो गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रही थी। 14 अप्रैल की सुबह कोनी थाना क्षेत्र स्थित रिवर व्यू कॉलोनी में किराए के मकान में उसका शव पंखे से लटका मिला।
पुलिस जांच में सामने आया है कि छात्रा परिजनों के शादी के दबाव और पढ़ाई को लेकर डांट से परेशान थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे गुस्से में उठाया गया कदम मान रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, दृष्टि गुप्ता रायगढ़ की रहने वाली थी और पिछले दो साल से बिलासपुर में रहकर पढ़ाई कर रही थी। 13 अप्रैल को कॉलेज से लौटने के बाद उसकी परिजनों से बातचीत हुई थी, जिसके बाद वह दोस्तों के साथ बाहर गई थी और रात भर उनके साथ रही।
पिता के डांटने से उठाया आत्मघाती कदम
मंगलवार (14 अप्रैल) को सुबह घर लौटी। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसके पिता संजय गुप्ता से फोन बात हुई थी। उन्होंने पढ़ाई को लेकर दृष्टि को फटकार लगाई। छात्रा अपने कमरे का दरवाजा बंद कर ली, उसके बाद दरवाजा नहीं खुला। बाद में आसपास की छात्राओं ने उसे आवाज दी। लेकिन, अंदर से कोई रिस्पांस नहीं मिला।
पंखे पर लटकी मिली
इसके बाद छात्राओं ने घटना की जानकारी रूम ऑनर को दी। साथ ही इस घटना की सूचना कोनी थाने में दी। पुलिस ने किसी तरह दरवाजा खोला। इस दौरान अंदर कमरे में दृष्टि की लाश पंखे में फांसी के फंदे पर लटक रही थी।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही इस घटना की जानकारी उसके परिजन को दी। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।
शादी को लेकर दबाव बना रहे थे परिजन
शव का पंचनामा कार्रवाई के दौरान उसके साथ पढ़ने वाले छात्र मौजूद थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि, उसके परिजन शादी को लेकर दबाव बना रहे थे। दृष्टि शादी करने से मना कर रही थी। एक छात्र ने बताया कि दृष्टि रात में दोस्त के साथ थी और सुबह घर लौटी थी, जिसके बाद उसने यह कदम उठा लिया।
पढ़ाई की बात पर पिता ने लगाई थी फटकार
इस मामले में कोनी थाना प्रभारी राजश्री दामू कोसले ने बताया कि, घटना की जानकारी उसके परिजन को दी गई है। इस दौरान पूछताछ में परिजनों ने बताया कि दृष्टि गुस्से वाले स्वभाव की थी। उसके पिता ने पढ़ाई की बात पर उसे फटकार भी लगाई थी। माना जा रहा है कि उसने गुस्से में आकर आत्महत्या कर ली।


