CG NEWS: किसानों के लिए छत्तीसगढ़ में बड़ी राहत की खबर आई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर भारत सरकार ने प्रदेश के लिए 60 हजार टन अतिरिक्त यूरिया का आबंटन स्वीकृत किया है। इसके तहत सितंबर माह के प्रथम सप्ताह में 20 हजार टन, द्वितीय सप्ताह में 35 हजार टन और शेष 5 हजार टन की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की हर आवश्यकता पर राज्य सरकार संवेदनशील है और यह अतिरिक्त आबंटन खरीफ फसलों को सुरक्षित रखने में मददगार होगा।

प्रदेश में यूरिया खाद का भंडारण और वितरण (Urea Allocation)
मार्कफेड अधिकारियों ने बताया कि 28 अगस्त की स्थिति में सहकारी क्षेत्र में 3,91,079 मीट्रिक टन और निजी क्षेत्र में 3,11,563 मीट्रिक टन, इस तरह कुल 7,02,642 मीट्रिक टन यूरिया का भंडारण किया गया है।
अब तक किसानों को 6,38,599 मीट्रिक टन यूरिया वितरित किया जा चुका है, जिसमें सहकारी क्षेत्र से 3,42,444 मीट्रिक टन और निजी क्षेत्र से 2,96,155 मीट्रिक टन शामिल है। यह आँकड़ा पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में अधिक है, जो बेहतर आपूर्ति व्यवस्था का संकेत है।

नैनो यूरिया और DAP की भी पर्याप्त व्यवस्था (Nano Urea DAP)
प्रदेश में किसानों के लिए नैनो खाद की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है। सहकारी क्षेत्र में 1,78,919 और निजी क्षेत्र में 1,12,140 बॉटल नैनो यूरिया, कुल 2,91,059 बॉटल संग्रहित की गई हैं। इसी तरह नैनो डीएपी की 2,38,619 बॉटल का भंडारण किया गया है। अब तक किसानों को 2,32,652 बॉटल नैनो यूरिया और 1,85,136 बॉटल नैनो डीएपी वितरित की जा चुकी हैं।
98 प्रतिशत लक्ष्य हासिल
चालू खरीफ सीजन के लिए भारत सरकार ने 14.62 लाख टन रासायनिक खाद का लक्ष्य तय किया था, जिसके विरुद्ध प्रदेश में 15.64 लाख टन का भंडारण कर लिया गया है। अब तक किसानों को 13.19 लाख टन खाद वितरित की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक निर्धारित लक्ष्य का 98 प्रतिशत यूरिया किसानों तक पहुंच चुका है।

केंद्र-राज्य के संयुक्त प्रयास
हाल ही में कृषि मंत्री रामविचार नेताम और राज्य के सांसदों ने केंद्रीय उर्वरक मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात कर किसानों की जरूरतों को रखा था। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में लगातार केंद्र सरकार से संपर्क बनाए रखा गया, जिसके बाद 60 हजार टन अतिरिक्त यूरिया का आबंटन स्वीकृत हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश भर में सहकारी समितियों और निजी विक्रेताओं के माध्यम से खाद का वितरण सुव्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है। किसानों ने समय पर खाद मिलने पर सरकार के प्रति संतोष व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा- (CM Vishnu Deo Sai)
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि खरीफ सीजन में किसानों (Farmers Relief Kharif Season) को समयबद्ध जरूरतों के अनुरूप खाद की आपूर्ति प्राथमिकता से की जा रही है। सरकार किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से किसानों को पर्याप्त राहत मिलेगी और छत्तीसगढ़ कृषि उत्पादन में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
