Raigarh News: रायगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। रात के समय राशन लेने के दौरान दो युवकों ने युवती के साथ बदसलूकी की और उसके बाल खींचकर छेड़छाड़ की।
जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय युवती रायगढ़ में किराए के मकान में रहकर सेल्स गर्ल के रूप में काम करती है। युवती ड्यूटी खत्म कर अपने परिचित के साथ बाइक से घर लौट रही थी। इसी दौरान देवांगन धर्मशाला के पास रात करीब 10 बजे वह राशन लेने के लिए रुकी।
बाल खींचकर युवती से बदसलूकी
बताया जा रहा है कि उसी समय आरोपी बाटली खान अपने साथी प्रशांत सोनी के साथ वहां पहुंचा। दोनों ने युवती को घूरना शुरू किया और उसके बाल खींचकर उसके साथ बदसलूकी करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उससे विवाद भी किया।

लोगों ने किया बीच-बचाव
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव किया। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
एक आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद युवती अस्वस्थ होने के कारण अपने गांव चली गई थी। रायगढ़ लौटने पर उसने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रशांत सोनी (24) निवासी चांदनी चौक को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
दूसरे आरोपी की तलाश जारी
पूछताछ में प्रशांत सोनी ने अपने साथी बाटली खान के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी बाटली खान की तलाश जारी है।
