Raipur News: मेडिकल कॉलेज 2000 बैच का रियूनियन, 25 साल बाद फिर मिलेंगे पुराने साथी

Raipur News:

Raipur News: पंडित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल मेडिकल कॉलेज रायपुर के वर्ष 2000 बैच के डॉक्टरों का बहुप्रतीक्षित रियूनियन शनिवार से शुरू हो रहा है। दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में देशभर के विभिन्न हिस्सों से पूर्व छात्र रायपुर पहुंच रहे हैं, जो 25 साल बाद एक बार फिर अपने कॉलेज के दिनों को जीएंगे।

इसी मौके पर डॉक्टर अपने पेशेवर अनुभव साझा करेंगे और छात्र जीवन की पुरानी यादों को ताजा करेंगे। लंबे समय बाद मिल रहे साथी इस रियूनियन को यादगार बनाने के लिए कई गतिविधियों में हिस्सा लेंगे।

आयोजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, इंटरैक्शन सेशन और अनौपचारिक चर्चाओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे पुराने रिश्तों को फिर से मजबूत किया जा सके। आयोजकों के अनुसार यह रियूनियन सिर्फ मेल-मिलाप का मंच नहीं, बल्कि चिकित्सा क्षेत्र में बदलते अनुभवों और नई चुनौतियों पर विचार साझा करने का भी अवसर है।

बताया जा रहा है कि वर्ष 2000 बैच के छात्र देश के अलग-अलग राज्यों से रायपुर पहुंच रहे हैं। खास बात यह है कि वर्ष 2000 में ही छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ था, इसलिए यह बैच प्रदेश का पहला मेडिकल बैच भी माना जाता है।

रियूनियन में शिक्षकों का सम्मान भी किया जाएगा और कॉलेज के सुनहरे दिनों को याद किया जाएगा। संगवारी द मिलेनियम रियूनियन कोर कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अश्वनी देवांगन ने बताया कि इस आयोजन से पुराने साथियों के बीच जुड़ाव और मजबूत होगा, साथ ही नई पीढ़ी को भी प्रेरणा मिलेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *