Sarguja Accident: छत्तीसगढ़ में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सरगुजा जिले से सामने आया है, जहां पर दर्दनाक सड़क हादसे में 12वीं बोर्ड परीक्षा देने जा रहे एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बतौली थाना क्षेत्र की है।

NH43 पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार बेलकोटा निवासी निष्क एक्का और झेराडीह निवासी अनिकेश तिवारी 12वीं बोर्ड परीक्षा देने बाइक से परीक्षा केंद्र जा रहे थे। इसी दौरान NH43 मार्ग पर शांतिपारा-कुनकुरी मुख्य मार्ग के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे पड़ी गिट्टी में फिसल गई। बाइक करीब 20 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में निष्क एक्का की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिकेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल छात्र अंबिकापुर रेफर
घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

आज से शुरू हुई 12वीं बोर्ड परीक्षा
गौरतलब है कि प्रदेश में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 12वीं बोर्ड परीक्षा 20 फरवरी से 18 मार्च तक आयोजित की जा रही है, जबकि 10वीं बोर्ड परीक्षा 21 फरवरी से 13 मार्च तक चलेगी।
