Raipur D.Ed Protest: सहायक शिक्षक भर्ती को लेकर अंगारों पर चले D.Ed अभ्यर्थी, पुलिस से झड़प के बाद लाया गया सेंट्रल जेल

Raipur D.Ed Protest

Raipur D.Ed Protest: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तूता धरना स्थल पर सहायक शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे D.Ed अभ्यर्थियों का प्रदर्शन बुधवार को उग्र हो गया। 57 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों के समर्थन में अंगारों पर चलकर विरोध किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसमें 4 अभ्यर्थी घायल हो गए। (D.Ed अभ्यर्थी अंगारों पर चले)

स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वॉटर कैनन का प्रयोग किया। पानी की तेज बौछार से दो युवतियां बेहोश हो गईं। मौके पर मौजूद अभ्यर्थियों ने बताया कि करीब एक घंटे तक एम्बुलेंस का इंतजार किया गया। बाद में बेहोश युवतियों को अभनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत अब खतरे से बाहर है।

प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बड़ी संख्या में D.Ed अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर सेंट्रल जेल भेज दिया। आंदोलन के दौरान पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

बताया जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद नियुक्ति नहीं होने से नाराज अभ्यर्थी 24 दिसंबर से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। इससे पहले अभ्यर्थियों ने राष्ट्रपति, राज्यपाल, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को स्पीड पोस्ट के माध्यम से पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की थी, लेकिन नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं होने से उनका आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *