Mahasamund News: छत्तीसगढ़ से पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने वाला मामला सामने आया है, महासमुंद जिले में एक आरक्षक का नशे की हालत में सड़क पर पड़े होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यह वीडियो 9 फरवरी की सुबह करीब 11 बजे का बताया जा रहा है। (नशे में सड़क पर पड़ा रहा आरक्षक)
घटना शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला चिकित्सालय जाने वाले मार्ग, मेडिकल कॉलेज मोड़ के पास की है। वायरल वीडियो में खल्लारी थाना में पदस्थ आरक्षक लाल सिंह बाकरे नशे (Drunk Constable Viral Video) की हालत में लड़खड़ाते हुए एक ठेले के पास सड़क किनारे बैठता दिखाई देता है और कुछ ही देर में वहीं सड़क पर लेट जाता है। (महासमुंद नशे में आरक्षक)

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरक्षक करीब आधे घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा। इस दौरान राहगीर आते-जाते रहे, लेकिन पुलिसकर्मी होने के कारण कोई उसे हटाने की हिम्मत नहीं कर पाया। बाद में एक व्यक्ति ने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन नशे की हालत में वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो सका। इस दौरान उसका जूता भी निकल गया।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस के अन्य जवान मौके पर पहुंचे और आरक्षक को मेडिकल कॉलेज ले जाकर चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।
जांच में शराब सेवन की पुष्टि
इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय ने बताया कि मेडिकल परीक्षण में आरक्षक द्वारा शराब सेवन की पुष्टि हुई है। संबंधित आरक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अभियान पर उठे सवाल
गौरतलब है कि एक ओर पुलिस नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर वर्दीधारी पुलिसकर्मी का सार्वजनिक स्थान पर नशे की हालत में पाया जाना, पुलिस की अनुशासन व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
