Raigarh Trailer Accident: रेल फाटक तोड़कर ट्रैक पर घुसा कोयले से लदा ट्रेलर, मुंबई-हावड़ा रेल रूट घंटों बाधित

Raigarh Trailer Accident

Raigarh Trailer Accident: मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग पर भूपदेवपुर रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। नहरपाली रेल फाटक पर तेज रफ्तार कोयले से लदे ट्रेलर ने बंद फाटक के लीवर क्रॉसिंग को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लीवर पूरी तरह टूट गया और ट्रेलर का अगला हिस्सा रेलवे ट्रैक के बीच जा फंसा। (रायगढ़ कोयला लदा ट्रेलर रेल फाटक तोड़कर ट्रैक पर घुसा)

ट्रेलर के ट्रैक पर फंसे होने से मुंबई-हावड़ा और हावड़ा-मुंबई दोनों रूट पर रेल यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जिसका असर सुबह की कई ट्रेनों पर भी पड़ा।

घटना शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद रेलवे का इमरजेंसी सायरन बजा, जिससे रायगढ़ स्टेशन और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता और सिग्नल सिस्टम के चलते समय रहते ट्रेनों को रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। (रायगढ़ रेल फाटक तोड़कर ट्रैक पर घुसा कोयले से लदा ट्रेलर)

यात्री परेशान, कई ट्रेनें हुईं प्रभावित

रायगढ़-गोंदिया जनशताब्दी एक्सप्रेस और गोंडवाना एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से काफी देरी से रवाना हुईं। इसके अलावा कई यात्री और मालगाड़ियों को आउटर या पिछले स्टेशनों पर खड़ा करना पड़ा।

चालक फरार, जांच में जुटी RPF

हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। सुबह होते ही रेस्क्यू टीम ने क्रेन की मदद से ट्रेलर को ट्रैक से हटाने और पटरी दुरुस्त करने का काम शुरू किया। मामले की जांच RPF द्वारा की जा रही है। बिलासपुर से रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम भी मौके के लिए रवाना की गई है। रेल विभाग ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *