Korba Bridge Theft: रातों-रात लोहे का पुल चुराने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, 10 अब भी फरार; 80 फीट लंबी रेलिंग को रात भर गैस कटर से काटे

Korba Bridge Theft

Korba Bridge Theft: कोरबा जिले में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां 40 साल पुराने लोहे के पुल की 80 फीट लंबी रेलिंग रातों-रात काटकर चोरी कर ली गई। इस मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कबाड़ी सहित 10 अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। चोरी की इस वारदात को कुल 15 आरोपियों ने मिलकर अंजाम दिया था। मामला रामपुर सिविल लाइन थाना अंतर्गत CSEB चौकी क्षेत्र का है। (कोरबा पुल चोरी)

जानकारी के अनुसार, 17 जनवरी की रात आरोपी गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और LPG सिलेंडर लेकर ढोढ़ीपारा इलाके में पहुंचे थे। पूरी रात मशक्कत कर उन्होंने पुल में लगी करीब 15 टन लोहे की रेलिंग को काटा। रेलिंग के एक-एक हिस्से को अलग कर उसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काटा गया और फिर वाहन में भरकर ले जाया गया। अगले दिन सुबह जब लोग मौके पर पहुंचे तो आधा पुल गायब देख चोरी का खुलासा हुआ। (लोहे का पुल चुराने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार)

यह पुल नगर निगम के वार्ड नंबर 17 के लोगों के शहर आने-जाने का प्रमुख रास्ता था। पुल की रेलिंग चोरी
(Korba Pool Chori) होने के बाद से इलाके में आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है।

40 साल से था मजबूत पुल, कभी नहीं हुआ नुकसान

वार्ड नंबर 17 ढोढ़ीपारा के पार्षद लक्ष्मण श्रीवास ने बताया कि नहर किनारे लोगों की आवाजाही के लिए करीब 70-80 फीट लंबी लोहे की रेलिंग लगी थी, जिसे चोरों ने गैस कटर से काट दिया। कुछ कटे हुए हिस्से नहर में भी गिरे मिले। यह पुल करीब 40 साल पुराना था और इसमें लगी मोटी लोहे की प्लेट इतने वर्षों से पूरी तरह सुरक्षित थी।

पाइपलाइन को सहारा देने लगा स्ट्रक्चर भी गायब

पार्षद ने बताया कि चोरों ने केवल पुल की रेलिंग ही नहीं, बल्कि ढेंगुरनाला के ऊपर नगर निगम की जल आवर्धन योजना की पाइपलाइन को सहारा देने के लिए बनाए गए लोहे के स्ट्रक्चर को भी काटकर चोरी कर लिया। लगभग 15 फीट तक लोहे के एंगल काटे गए, जिससे पाइपलाइन की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। समय रहते सपोर्ट नहीं दिया गया तो बड़ा हादसा हो सकता था और पूरे इलाके में जल संकट खड़ा हो जाता।

5 आरोपी गिरफ्तार, 10 की तलाश जारी

इस मामले में चौकी सीएसईबी में अपराध क्रमांक 53/2026 के तहत धारा 303(2), 112(2), 317(2)(4) बीएनएस में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने साइबर सेल कोरबा की मदद से तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर कुल 15 आरोपियों की पहचान की।

इनमें असलम खान, मुकेश साहू उर्फ बरबटी, शिवा, सोनू मेमन, सुमित साहू, आदित्य यादव उर्फ आदि और केशवपुरी गोस्वामी उर्फ पिक्चर शामिल हैं। इनमें से 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने रशियन हॉस्टल के पास नहर पुल से गैस कटर से रेलिंग काटकर चोरी करना स्वीकार किया है। उनके कब्जे से कटी हुई लोहे की

रेलिंग भी बरामद की गई है।

गिरफ्तार पांचों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार 10 आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *