Raipur News: राजधानी रायपुर में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा के बड़े रैकेट का खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को 50 लाख 35 हजार रुपए नकद के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कार में बैठकर ऑनलाइन बैटिंग साइट्स के जरिए सट्टा खिलाने का काम कर रहे थे। पुलिस ने साफ किया है कि सट्टा खेलने वाले ग्राहकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
मामला गंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि सिंधु भवन पार्किंग के पास एक कार में बैठकर कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर कार की जांच की, जिसमें चारों आरोपी ऑनलाइन बैटिंग साइट्स के मास्टर आईडी और यूजर आईडी के जरिए सट्टा खिलाते पकड़े गए।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बैटिंग साइट्स पर खेलने के लिए आईडी उपलब्ध कराते थे और लेन-देन का हिसाब भी खुद रखते थे। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ में पूरा मामला उजागर हो गया।

गिरफ्तार आरोपी
1.रितेश गोविंदानी (32) निवासी खम्हारडीह, रायपुर
2. मोह. अख्तर (32) निवासी मौदहापारा, रायपुर
3. विक्रम राजकोरी (32) निवासी डी.डी. नगर, रायपुर
4. सागर पिंजानी (30) निवासी पुरानी बस्ती, रायपुर
इन वेबसाइट्स पर चला रहे थे सट्टा
1. Allpanelexch.com
2. Power7777.com
3. Powerexch.com
4. Classicexch99.com

पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की
सूचना के बाद पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कार में सभी 4 आरोपी सवार थे। वे ऑनलाइन बैटिंग साइट्स के मास्टर आई.डी./आई.डी. के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे।
साथ ही उनके पास लाखों रूपए नगदी रकम भी था। पूछताछ करने पर शुरू में सटोरियों ने पुलिस को घुमाने की कोशिश की, लेकिन बाद में पकड़ा गए।
80 लाख कैश-सामान जप्त
आरोपियों के कब्जे से 50 लाख 35 हजार कैश और लैपटाप, मोबाइल फोन, कार, पासपोर्ट, एटीएम कार्ड, चेक बुक, केल्क्यूलेटर भी जप्त किया गया है। जब्त सामान-कैश की कीमत 80 लाख के करीब है।
आरोपियों के खिलाफ गंज थाने में अपराध क्रमांक 06/26 धारा छ.ग. जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7, 112(2)बी.एन.एस., 66(सी) आई.टी.एक्ट का अपराध किया गया है पंजीबद्ध कर लिया गया है।
रायपुर IG अमरेश मिश्रा और सीनियर SP रायपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट व पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
