Raigarh Tamnar Breking: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार ब्लॉक में JPL कोयला खदान के खिलाफ हुए प्रदर्शन के दौरान महिला आरक्षक की वर्दी फाड़ने के मामले में पुलिस ने अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 1 आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। संभावना है कि उसे भी आज गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना में किस आरोपी की क्या भूमिका रही, इसकी भी जानकारी सामने आई है।
यह घटना 27 दिसंबर की है। अचानक इलाके में हिंसा भड़क उठी और भीड़ तितर-बितर होकर इधर-उधर भागने लगी। इसी दौरान एक महिला आरक्षक खेत की ओर भागते समय 6-7 लोगों के बीच फंस गई।

इसके बाद ग्रामीणों ने महिला आरक्षक को पकड़ लिया। उसके साथ मारपीट की गई और उसके कपड़े फाड़ दिए गए। पुलिस जांच के अनुसार, घटना का मुख्य आरोपी चित्रसेन साव सबसे पहले महिला आरक्षक के कपड़े फाड़ने लगा। इसके बाद मंगल राठिया, जिसके हाथ में डंडा था, उसने भी कपड़े फाड़े।
कुछ देर बाद मंगल राठिया मौके से भाग गया, लेकिन अन्य आरोपी महिला आरक्षक के साथ अमानवीय व्यवहार करते रहे। कन्हैया राठिया, उसका सगा भाई वनमाली राठिया, प्रेमसिंह राठिया और कीर्ति श्रीवास महिला आरक्षक को पकड़ने और घेरने में शामिल थे। इनमें से कुछ आरोपियों के हाथों में लाठी-डंडे भी थे।
इस पूरी घटना का वीडियो चिनेश राठिया ने अपने मोबाइल से बनाया। बताया जा रहा है कि जब महिला आरक्षक किसी तरह वहां से बचकर भागी और डर के कारण एक जगह छिप गई, तो कन्हैया राठिया हाथ में कुल्हाड़ी लेकर उसे खोजता रहा।
कैसे पकड़ा गया मुख्य आरोपी
घटना का मुख्य आरोपी चित्रसेन साव था, जो मामला सामने आने के बाद फरार हो गया। पुलिस और साइबर की टीम इसकी खोजबीन कर रही थी। तभी रविवार (4 जनवरी) की रात को पुलिस को जानकारी हुई कि चित्रसेन पड़िगांव में अपने बहनोई के यहां छिपा हुआ है।
ऐसे में रात में मौके के लिए रवाना हुई और जब उसके बहनोई शिव से पूछताछ की। तब उसने बताया कि घर के पीछे करीब 200 मीटर दूर घर में छिपा है। वह एक कमरे में अकेले था, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया।
