CG News: बलौदा बाजार जिले के भाटापारा स्थित बंशी गोपाल वेयरहाउस में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। वेयरहाउस में काम कर रही एक महिला श्रमिक के दो मासूम बच्चों के ऊपर चने की बोरियां गिर गई। जिसके नीचे दबकर दोनों बच्चों की मौत मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, महिला श्रमिक मूलतः ग्राम बेलगहना, जिला बिलासपुर की रहने वाली है और भाटापारा के वेयरहाउस में मजदूरी कर रही थी। काम के दौरान उसके दोनों छोटे बच्चे वेयरहाउस परिसर में खेल रहे थे। इसी दौरान वे चने की बोरियों से चना निकालकर खेल रहे थे, तभी अचानक एक भारी बोरी उनके ऊपर गिर गई।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत बच्चों को बोरी के नीचे से बाहर निकाला और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भाटापारा पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक जांच में मौत का कारण दम घुटना (अस्फिक्सिया) बताया गया है।
बताया जा रहा है कि बच्चों की मां पहले से ही विधवा है और अपने परिवार का पालन-पोषण मजदूरी करके कर रही थी। अब इस हादसे ने उसकी पूरी दुनिया उजाड़ दी है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
