Dhamtari News: New Year पार्टी के लिए पोल्ट्री फार्म से मुर्गा-मुर्गी की चोरी, विरोध करने पर संचालक की पिटाई

Dhamtari News: New Year पार्टी के लिए पोल्ट्री फार्म से मुर्गा-मुर्गी की चोरी, विरोध करने पर संचालक की पिटाई

Dhamtari News: New Year पार्टी के लिए चोरी की वारदात सामने आई है। धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दर्री स्थित एक पोल्ट्री फार्म में अज्ञात बदमाशों ने देर रात धावा बोल दिया। बदमाश फार्म से करीब 20 मुर्गा-मुर्गी, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और लगभग 2500 रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी का विरोध करने पर फार्म संचालक के साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

फार्म संचालक जागेश्वर देवांगन ने बताया कि 31 दिसंबर 2025 की रात पोल्ट्री फार्म में हलचल की आवाज सुनकर वह बाहर निकले। इस दौरान उन्होंने तीन अज्ञात युवकों को मुर्गा-मुर्गी चुराकर भागते देखा। जब उन्होंने उन्हें रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने उनकी जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में देवांगन घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए कुरूद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

New Year पार्टी के लिए पोल्ट्री फार्म से मुर्गा-मुर्गी की चोरी

संचालक के बेटे ने जानकारी दी कि चोरों ने मुर्गे-मुर्गियों के साथ-साथ एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और लगभग 2500 रुपये नकद भी चुराए हैं। बदमाशों के पास एक पेननुमा चाकू भी था। संचालक के अनुसार, चोरों ने नए साल की पार्टी के लिए इस घटना को अंजाम दिया था।

इस मामले की शिकायत कुरूद थाने में दर्ज कराई गई है। हालांकि, संचालक के बेटे का आरोप है कि पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की और कहा कि अज्ञात आरोपियों के पकड़े जाने पर ही एफआईआर दर्ज की जाएगी। कुरूद पुलिस के उच्च अधिकारियों से इस संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *