Korba Snake Bite: गर्भवती महिला को सांप ने 3 जगह डसा, इलाज के दौरान मौत; 10 माह पहले हुई थी शादी

Korba Snake Bite: कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र में सर्पदंश का एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां जहरीले सांप के डसने से एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। यह घटना ग्राम बोतली के आश्रित ग्राम टेंगरमार की है। घटना के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय राधिका मांझी मंगलवार दोपहर भोजन करने के बाद घर के आंगन से बाथरूम की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक उनका पैर एक सांप पर पड़ गया। इससे घबराए सांप ने राधिका को एक नहीं बल्कि तीन जगह डस लिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक सांप झाड़ियों में छिप गया।

इलाज के दौरान महिला की मौत

परिजन राधिका को तत्काल करतला स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। हालांकि, हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने के बाद इलाज के दौरान राधिका की मौत हो गई।

राधिका के पति फिरत राम मांझी ने बताया कि उनकी शादी को अभी केवल 10 माह हुए थे। राधिका दरगा केराकछार की रहने वाली थी और आठ माह की गर्भवती थी। उनकी गर्भावस्था का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा था।

कुछ दिनों से बाड़ी में देखा जा रहा था सांप

फिरत राम ने यह भी बताया कि पिछले कुछ दिनों से सांप उनके घर के आसपास बाड़ी में देखा जा रहा था। वह खेती-किसानी और मजदूरी का काम करके परिवार चलाता है।

घटना की जानकारी मिलने पर जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने तहसीलदार को सूचना दी। तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर परिजनों का बयान दर्ज किया है और आगे की जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *