Bilaspur Fire: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में रखे तारपीन तेल के टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा फैक्ट्री परिसर धुएं और लपटों से घिर गया। काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आगजनी की इस घटना में एक मजदूर झुलस गया, जबकि दो श्रमिकों की जलकर मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस सहित दमकल मौके पर पहुंची थी। देर रात तक आग पर काबू पा लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर-डी स्थित मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में लकड़ी की पॉलिश और अन्य कार्यों में उपयोग होने वाले ज्वलनशील तारपीन तेल को संग्रहित करने के लिए एक बड़ा टैंकर बनाया गया था। मंगलवार दोपहर अचानक टैंकर से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।

भीषण आग की चपेट में आकर फैक्ट्री के गोदाम में रखा फर्नीचर, लकड़ी, प्लाई मशीनें और मजदूरों की मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। हादसे में कारखाने में काम करने वाले सेल्सकर्मी सिरगिट्टी निवासी रितेश शुक्ला गंभीर रूप से झुलस गया। जिसे लोगों ने ऑटो से अस्पताल तक पहुंचाया जिसे बर्न केयर यूनिट में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। कड़ी मश्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है.
