Raipur News: रायपुर रेलवे स्टेशन पर RPF-GRP की बड़ी कार्रवाई, नाबालिग बच्चों की तस्करी करते युवक गिरफ्तार

Raipur News

Raipur News: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम ने रायपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग बच्चों की तस्करी के एक गंभीर मामले का खुलासा किया है। टीम ने दो नाबालिग बच्चों की तस्करी करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के 24 दक्षिण परगना जिले के निवासी रशीद मुल्ला के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस ट्रेन से दो नाबालिग बच्चों को बडनेरा, महाराष्ट्र ले जा रहा था। RPF और GRP को इस संबंध में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर रायपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की सघन जांच की गई। जांच के दौरान आरोपी को हिरासत में लिया गया, जिसके साथ दो नाबालिग बच्चे पाए गए।

बरामद दोनों बच्चों की उम्र लगभग 14 से 15 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में बच्चों के मानव तस्करी से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मानव तस्करी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि यह मामला किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बरामद नाबालिग बच्चों को सुरक्षित स्थान पर रखकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *