Raipur News: राजधानी रायपुर में धार्मिक भावनाओं को आहत करने का मामला सामने आया है। टिकरापारा थाना क्षेत्र के पचपेड़ी नाका के पास धर्मनगर इलाके में हनुमान भगवान की मूर्ति को JCB से हटाने के दौरान खंडित कर दिया गया। घटना के बाद मोहल्लेवासियों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने खाली जमीन पर चौरा बनाकर हनुमान भगवान की मूर्ति स्थापित की थी। आरोप है कि अरिहंत पारख नामक युवक उक्त जमीन को अपनी बताते हुए सोमवार देर रात कुछ युवकों के साथ JCB लेकर मौके पर पहुंचा और मूर्ति को शिफ्ट करने लगा। इसी दौरान मूर्ति खंडित हो गई।




घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्लेवासी मौके पर एकत्र हो गए और विरोध शुरू कर दिया। अगले दिन सुबह टिकरापारा थाने में भी जमकर बवाल हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने इस मामले में अरिहंत पारख (31), मोहित लखेर (32), भूपेश केंवट (19), गणेश कुर्रे (20) और मेहराब खान (21) को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि यह पूरा विवाद जमीन को लेकर था, लेकिन मूर्ति खंडित होने से कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई। सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया गया है।
