CG News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से गौ तस्करी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सड़क हादसे के बाद अवैध रूप से ले जाए जा रहे गौवंशों की तस्करी का खुलासा हुआ। बतौली-बगीचा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप वाहन के पलटने से 4 गौवंशों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 गौवंश गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना के बाद जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि वाहन में गौवंशों को बेहद अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। पिकअप में कुल 9 गौवंश लोड थे। हादसे में 4 गौवंशों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 5 गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद पिकअप चालक और गौ तस्करी में शामिल आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर गौ सेवक, स्थानीय ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे गौवंशों को बाहर निकाला गया। घायल गौवंशों का उपचार कराया जा रहा है।
बतौली थाना पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले में गौ तस्करी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
