Sarangarh Accident: छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें स्कूल जा रहे दो चचेरे भाई-बहन की मौत हो गई। यह हादसा सरिया नगर के अटल चौक के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ब्रेज़ा कार ने सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहे परिजन भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बरपाली निवासी मेघनाथ पटेल सुबह करीब 9 बजे अपने भाई रामेश्वर पटेल के बेटे 7 वर्षीय हर्षित पटेल और अपनी बेटी 7 वर्षीय जिया पटेल को मोटरसाइकिल से स्कूल छोड़ने जा रहे थे। दोनों बच्चे सरिया के निजी स्कूल में पढ़ते थे। अटल चौक के पास खड़े एक ट्रैक्टर के बगल में मेघनाथ अपनी मोटरसाइकिल के साथ खड़े थे, तभी गांधी चौक की ओर से तेज रफ्तार में आ रही ब्रेज़ा कार (CG13AT9955) ने पीछे से टक्कर मार दी।
पहले देखिए इन तस्वीरों को…




टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हर्षित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जिया ने रायगढ़ अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मेघनाथ पटेल के दोनों पैर टूट गए हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें रायगढ़ रेफर कर आईसीयू में भर्ती किया गया है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और अटल चौक पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने आरोपी को थाने से बाहर निकालने और सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान भीड़ ने थाने के चैनल गेट को तोड़ने की कोशिश भी की। सूचना मिलने पर एएसपी निमिषा पांडेय और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
पुलिस ने तेज रफ्तार कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है।
