Durg News: दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम हीरेतरा में 14 नवंबर की सुबह 8 बजे बड़ा हादसा हो गया, जहां कच्चे मकान की दीवार गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई। मजदूर घर की नींव खुदाई का काम कर रहे थे, तभी पास में स्थित कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई और दोनों उसके नीचे दब गए।


मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम हीरेतरा निवासी गुरुदेव चंदेल ने अपने नए मकान की नींव खुदाई के लिए ग्राम पेन्ड्रावन निवासी कमल नारायण ठाकुर, ईश्वरी गायकवाड़, पोषण डांगे और दुर्गेश ठाकुर को मजदूरी पर बुलाया था। सुबह करीब 8 बजे खुदाई का काम शुरू हुआ। करीब दो से तीन फीट तक मिट्टी खोदने के दौरान ही बगल में बने कच्चे मकान की दीवार ढह गई।

दुर्घटना में 25 वर्षीय कमल नारायण ठाकुर और 35 वर्षीय ईश्वरी गायकवाड़ दीवार के नीचे दब गए। अन्य दो मजदूर थोड़ी दूरी पर काम कर रहे थे, इसलिए वे बाल-बाल बच गए।
हादसे के बाद ग्रामीणों और मजदूरों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। दोनों घायलों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने कमल नारायण ठाकुर को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल ईश्वरी गायकवाड़ ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
