Delhi Blast: दिल्ली ब्लास्ट के मास्टरमाइंड का घर IED से उड़ाया, 3 कारों से रची गई थी साजिश

Delhi Blast

Delhi Blast: दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट मामले में जांच एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आतंकी डॉ. उमर मोहम्मद के पुलवामा स्थित घर को IED से उड़ा दिया। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर नियंत्रित तरीके से यह कार्रवाई की। आतंकी नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए इसे अब तक का सबसे बड़ा और कड़ा कदम माना जा रहा है।

जांच में इस धमाके से जुड़ी तीसरी कार भी फरीदाबाद में अल-फलाह यूनिवर्सिटी की पार्किंग से बरामद हुई है। यह मारुति ब्रेज़ा डॉक्टर शाहीन शाहिद के नाम पर रजिस्टर है, जिसे पहले ही ‘व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल’ मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। फरीदाबाद पुलिस के अनुसार, संदिग्ध वाहन की जांच जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा की जा रही है। बम निरोधक दस्ते ने मौके पर मौजूद अन्य गाड़ियों की भी जांच की है।

दिल्ली में लालकिला मेट्रो स्टेशन के पास 10 नवंबर को हुए ब्लास्ट में छत्तीसगढ़ की एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। यह कार रायपुर पासिंग नंबर CG04 PY 6021 है, जो बालोद जिले के गुंडरदेही ब्लॉक के ग्राम सिर्री निवासी प्रशांत बघेल के नाम पर रजिस्टर्ड है। कार वर्तमान में प्रशांत के छोटे भाई हिमांशु बघेल के पास दिल्ली में थी।

एन्क्रिप्टेड स्विस ऐप के जरिए रची गई थी पूरी साजिश

जांच एजेंसियों को बड़ा सुराग मिला है कि मुख्य आरोपी डॉ. उमर, डॉ. मुजम्मिल और डॉ. शाहीन ने पूरी आतंकी प्लानिंग एक एन्क्रिप्टेड स्विस मैसेजिंग ऐप पर तैयार की थी।

ब्लास्ट स्पॉट से मिले DNA सैंपल ने पुष्टि की है कि धमाके वाली सफेद Hyundai i20 कार डॉ. उमर ही चला रहा था।

तीन अलग-अलग कारों से रची गई साजिश

जांच में सामने आया है कि मॉड्यूल ने IED ले जाने और ब्लास्ट को अंजाम देने के लिए तीन कारें विशेष रूप से खरीदी थीं। सभी वाहनों की लोकेशन और मूवमेंट की बारीकी से जांच की जा रही है।

धमाके के बाद दिल्ली पुलिस ने पूरे शहर के बॉर्डर प्वाइंट्स, थानों और चौकियों पर हाई अलर्ट जारी किया है। सुरक्षा एजेंसियां आतंकी मॉड्यूल के सभी लिंक खंगाल रही हैं और देशभर में तलाशी अभियान जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *