Delhi Blast: दिल्ली ब्लास्ट पर भूपेश बघेल का तीखा बयान, कहा- गृह मंत्री अमित शाह दें इस्तीफा

Delhi Blast

जगदलपुर: Delhi Blast: राजधानी दिल्ली में सोमवार की शाम लाल किले के पास हुए बम ब्लास्ट ने पूरे देश को हिला दिया है। इस घटना के बाद छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र के गृह मंत्री अमित शाह से तत्काल इस्तीफे की मांग की है।

भूपेश बघेल ने कहा कि इतनी गंभीर सुरक्षा घटना के दौरान गृह मंत्री देश की राजधानी की सुरक्षा छोड़कर चुनाव प्रचार में व्यस्त थे। यह उनकी जिम्मेदारी थी कि वे देश और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

जगदलपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान बघेल ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और मानवता के खिलाफ है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि दी और घायलों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि शुरुआत में यह कहा जा रहा था कि गैस सिलेंडर फटा है, लेकिन अब यह स्पष्ट हो रहा है कि विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल किया गया था। उन्होंने कहा कि आंकड़ों में भी भ्रम है- कोई 10, कोई 11, तो कोई 12 जान गंवाने की बात कर रहा है।

भूपेश बघेल ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलवामा जैसे हमलों में 300-400 किलो आरडीएक्स आखिर कहां से आया। आतंकवादी पहलगाम तक कैसे पहुंचे, इसका जवाब सरकार को देना चाहिए।

दिल्ली में लालकिला मेट्रो स्टेशन के पास 10 नवंबर को हुए ब्लास्ट में छत्तीसगढ़ की एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। यह कार रायपुर पासिंग नंबर CG04 PY 6021 है, जो बालोद जिले के गुंडरदेही ब्लॉक के ग्राम सिर्री निवासी प्रशांत बघेल के नाम पर रजिस्टर्ड है। कार वर्तमान में प्रशांत के छोटे भाई हिमांशु बघेल के पास दिल्ली में थी।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां आतंकवादियों को पकड़ने की बजाय विपक्षी नेताओं और पत्रकारों की जासूसी में लगी हुई हैं। यह देश की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।

भूपेश बघेल ने आगे कहा कि जब इतनी बड़ी सुरक्षा चूक हो रही है, तब गृह मंत्री अमित शाह बिहार में चुनाव प्रचार में व्यस्त थे। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री को या तो मंत्रालय की जिम्मेदारी निभानी चाहिए या पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *