Balod News: दिल्ली में लालकिला मेट्रो स्टेशन के पास 10 नवंबर को हुए ब्लास्ट में छत्तीसगढ़ की एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। यह कार रायपुर पासिंग नंबर CG04 PY 6021 है, जो बालोद जिले के गुंडरदेही ब्लॉक के ग्राम सिर्री निवासी प्रशांत बघेल के नाम पर रजिस्टर्ड है। कार वर्तमान में प्रशांत के छोटे भाई हिमांशु बघेल के पास दिल्ली में थी।
कार की जानकारी मिलते ही बालोद पुलिस प्रशासन ने भी हिंमांशु के घर जाकर परिजनों से बात की। उन्होंने बताया कि जिस नम्बर पर कार रजिस्टर्ड है, उस पर अलग-अलग पत्रकार और अन्य लोग जानकारी लेने के लिए लगातार कॉल कर रहे हैं।

कार बड़े बेटे के नाम पर
हिमांशु के पिता बलिराजा ने दैनिक भास्कर से बात करते हुए बताया कि कार उनके बड़े बेटे के नाम पर है। उनके तीन बेटों में छोटा लड़का हिंमांशु कार अपने पास दिल्ली में रखता है। सुबह उनसे बात हुई, जिसमें कार में नुकसान पहुंचने की बात उन्होंने बताई है।
कार का कांच और ड्राइवर साइड जला
उन्होंने बताया कि कार का कांच और ड्राइवर साइड का हिस्सा जल गया है। हिमांशु दिल्ली में रहकर बिजनेस करता है। कार पार्किंग में था, या उनका कोई दोस्त चला रहा था। वह जानकारी लेने के बाद भी पता चल पाएगा।

ब्लास्ट में अब तक 12 की मौत
दिल्ली के लालकिला मेट्रो स्टेशन के पास 10 नवंबर को हुए ब्लास्ट में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है और 24 लोग घायल हैं। ब्लास्ट की जांच कर रही सुरक्षा एजेंसियों के सूत्रों के मुताबिक, इस धमाके के कई तार फरीदाबाद से जुड़ रहे हैं।
