Sarguja News: सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पत्नी के प्रेम संबंधों से तंग आकर एक व्यक्ति ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान कृष्ण दास के रूप में हुई है, जिसने पहली पत्नी की मौत के बाद दूसरी शादी की थी।
जानकारी के मुताबिक, कृष्ण दास की दूसरी पत्नी का गांव में दूध सप्लाई करने वाले व्यक्ति के साथ अफेयर चल रहा था। दोनों के बीच लंबे समय से फोन पर बातचीत होती थी, जिसे लेकर परिवार में विवाद भी होता था।
सामाजिक बैठक के बाद भी नहीं सुधरी महिला
करीब एक महीने पहले इस मामले में सामाजिक बैठक हुई थी, जिसमें महिला को समझाइश दी गई थी। बावजूद इसके उसने दूध वाले से संपर्क नहीं तोड़ा। शुक्रवार को जब वह अचानक घर से लापता हो गई, तो कृष्ण दास ने उसे काफी खोजा, लेकिन कोई पता नहीं चला।
निराश होकर उठाया खौफनाक कदम
पत्नी के न मिलने और चल रहे अफेयर से परेशान होकर कृष्ण दास ने देर रात जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर शनिवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बेटे ने बताई सौतेली मां की करतूत
पुलिस पूछताछ में मृतक के बेटे ने खुलासा किया कि उसकी सौतेली मां का दूध वाले से अफेयर चल रहा था, जिससे पिता मानसिक रूप से परेशान थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
